कोडिन से यूपी में एक भी मौत नहीं हुई: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को कोडिन कफ सिरप मामले को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखते हुए समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडिन कफ सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है और इस पूरे मामले में कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि प्रश्न कुछ और हैं, लेकिन मुद्दे जानबूझकर भटकाए जा रहे हैं। सदस्यों को अध्ययन करके सदन में आना चाहिए और विधानसभा की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहावत “चोर की दाढ़ी में तिनका” का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस उम्र में व्यक्ति सच बोलने का आदी होता है, लेकिन समाजवादी पार्टी उनसे भी झूठ बुलवा देती है। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि उन्होंने लंबे समय तक स्पीकर के रूप में सदन का संचालन किया है।
2016 में सपा सरकार ने जारी किया था लाइसेंस
सीएम योगी ने सदन में खुलासा किया कि यूपी के सबसे बड़े कोडिन कफ सिरप होलसेलर को 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लाइसेंस जारी किया गया था। एसटीएफ ने उसी होलसेलर को पकड़ा है।
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा—
“देश में दो नमूने हैं, एक दिल्ली में बैठता है और दूसरा लखनऊ में। जब देश में कोई चर्चा होती है, तो वे विदेश भाग जाते हैं। आप यहां चिल्लाते रहेंगे और ‘बबुआ’ सैर-सपाटे के लिए इंग्लैंड चले जाएंगे।”
यूपी में कोडिन कफ सिरप का उत्पादन नहीं
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उत्तर प्रदेश में कोडिन कफ सिरप का प्रोडक्शन नहीं होता, यहां केवल स्टॉकिस्ट और होलसेलर हैं।
उत्पादन: मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश व अन्य राज्यों से जुड़े
तमिलनाडु में बने सिरप से अन्य राज्यों में घटनाएं सामने आईं
यह पूरा मामला इललीगल डायवर्जन से जुड़ा है, जिसमें सहारनपुर, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर और वाराणसी के होलसेलरों के माध्यम से उन राज्यों और देशों में सप्लाई की गई, जहां शराबबंदी है।
“बिना डॉक्टर की सलाह के सेवन अपराध”सीएम योगी ने कहा कि बच्चे हों या वयस्क, बिना चिकित्सीय परामर्श के कोई भी कफ सिरप नहीं ले सकता। दवाओं पर यह स्पष्ट लिखा होता है, लेकिन समाजवादी पार्टी के लोगों का पढ़ाई-लिखाई से कोई वास्ता नहीं है, इसलिए वे भ्रम फैलाते हैं।
आंकड़ों के साथ सरकार की कार्रवाई मुख्यमंत्री ने सदन में कार्रवाई का पूरा ब्यौरा रख बताया कि 79 मुकदमे दर्ज, 225 अभियुक्त नामजद, 78 गिरफ्तार 134 फर्मों पर छापेमारी हुई।
उन्होंने बताया कि अवैध लेन-देन लोहिया वाहिनी के एक पदाधिकारी के खाते से हुआ है। मामले की जांच एसटीएफ कर रही है और कोर्ट के निर्देश पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा चल रहा है।
बुलडोजर कार्रवाई पर सख्त संदेश सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी को चेतावनी देते हुए कहा “चिंता मत कीजिए, समय आने पर बुलडोजर कार्रवाई होगी। उस समय चिल्लाइएगा नहीं।”
उन्होंने दोहराया कि सरकार इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ रही है और कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा।
विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह बयान न सिर्फ सरकार का स्पष्ट पक्ष सामने लाता है, बल्कि कोडिन कफ सिरप मामले में विपक्ष के आरोपों को भी सिरे से खारिज करता है। यह बहस आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति को और गरमाने के संकेत दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here