घने कोहरे के चलते कई वाहन आपस में टकराए, 6 घायल
कन्नौज। घने कोहरे के कारण आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे पर तिर्वा थाना क्षेत्र के 189 किलोमीटर कट के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद पीछे से आ रही गाड़ियां एक के बाद एक उससे टकराती चली गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान पलटी पड़ी पिकअप को समय रहते न देख पाने के कारण कई वाहन आपस में भिड़ गए, जिससे एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
6 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में 6 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस व एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
यातायात कुछ देर प्रभावित
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया।


