विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना करेंगे नए सत्र का शुभारंभ
फर्रुखाबाद/याकूतगंज।
याकूतगंज क्षेत्र में स्थापित नव निर्मित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के भव्य भवन का 26 दिसंबर को औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष दोपहर 1:00 बजे अपने पूर्व निर्धारित समय पर विद्यालय परिसर में पहुंचेंगे। उद्घाटन समारोह में जनपद एवं प्रदेश स्तर की कई राजनीतिक हस्तियों, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
भव्य तैयारियां पूर्ण
विद्यालय के निदेशक विजय कटियार एवं उनके पुत्र कार्तिकेय कटियार ने उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां भव्य स्तर पर पूर्ण कर ली हैं। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, वहीं सुरक्षा, स्वागत और आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
कम समय में बनाई अलग पहचान
दिल्ली पब्लिक स्कूल ने नगर के आवास विकास क्षेत्र में चंद वर्षों के भीतर ही बेहतर शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के लिए आम जनमानस में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। अभिभावकों के बीच डीपीएस को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक वातावरण और नैतिक मूल्यों के लिए एक भरोसेमंद संस्थान के रूप में देखा जा रहा है।
नव निर्मित भव्य भवन के उद्घाटन के साथ ही डीपीएस याकूतगंज में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि अत्याधुनिक कक्षाएं, खेल सुविधाएं और शैक्षणिक संसाधन छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here