सांड के हमले में दिव्यांग की मौत, नगर में आवारा पशुओं पर उठे सवाल

0
139

कुशीनगर| पडरौना नगर के कन्नौजिया वार्ड पूर्वी में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दरवाजे के सामने खड़े होकर बातचीत कर रहे एक दिव्यांग व्यक्ति पर पीछे से सांड ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में गंभीर रूप से घायल दिव्यांग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और नगर में घूम रहे आवारा सांडों को लेकर लोगों का आक्रोश सामने आया।

मृतक की पहचान 50 वर्षीय सालिक चौधरी के रूप में हुई है, जो एक पैर से दिव्यांग थे और कपड़े धोने का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे सालिक अपने घर के सामने खड़े होकर पड़ोसियों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड ने सींग पर उठाकर उन्हें हवा में उछाल दिया, जिससे वे करीब दो मीटर दूर नाली में जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। शोर-शराबे के बीच सांड वहां से रेलवे स्टेशन की ओर भाग गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि एसडीएम ऋषभ पुंडीर ने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सालिक चौधरी की मौत के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। परिवार में पत्नी शांति के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनका अब सहारा छिन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here