लोहिया अस्पताल के मुख्य गेट पर छात्र से मारपीट, आपातकालीन कक्ष में परिजनों का हंगामा

0
153

फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के मुख्य गेट पर स्थित कैंटीन के पास दबंग युवकों द्वारा एक नाबालिग छात्र के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए लोहिया अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और आपातकालीन कक्ष में जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, भरपुर ब्लॉक क्षेत्र के अर्जुन पुत्र धर्मेंद्र यादव, जो कक्षा 10 का छात्र है, लोहिया अस्पताल कैंपस के बाहर मौजूद था। परिजनों का आरोप है कि अर्जुन को उसके दोस्त अतुल पुत्र राजू और बासु पुत्र बटेश्वर, निवासी लोहिया कैंपस क्षेत्र, अपने साथ बुलाकर ले गए थे। इसके बाद किसी बात को लेकर कुछ दबंग युवकों ने अर्जुन के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद घायल अर्जुन को अस्पताल लाया गया। बेटे की हालत देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और आपातकालीन कक्ष में आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का कहना था कि उनके बेटे को साजिश के तहत बुलाकर पीटा गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आपातकालीन कक्ष में बढ़ते हंगामे को देखते हुए अस्पताल के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए परिजनों को शांत कराया। वहीं, घायल अर्जुन के साथ आए दोस्तों ने बताया कि वे दोनों कैंटीन के बाहर खड़े थे, तभी अचानक कुछ युवक वहां आए और बिना किसी कारण के मारपीट शुरू कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here