CBI ने मुंबई से दबोचा — 3 दिन की रिमांड, 12 दिसंबर को फिर होगी पेशी
गाजियाबाद। आय से अधिक संपत्ति के मामले में घिरे सीनियर पासपोर्ट सुप्रिटेंडेंट दीपक चंद्रा को CBI ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी गवाह को धमकाने और जांच को प्रभावित करने के आरोप में की गई है।
गिरफ्तारी के बाद दीपक चंद्रा को CBI अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। उन्हें अब 12 दिसंबर को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
CBI ने पूर्व में दीपक चंद्रा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (DA Case) में FIR दर्ज की थी। जांच के दौरान उनके ठिकानों पर छापेमारी में CBI ने 60 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी सीज किए गए थे।
CBI के अनुसार, दीपक चंद्रा ने मामले में एक प्रमुख गवाह को धमकाकर बयान बदलवाने की कोशिश की, जिसे जांच को प्रभावित करने की गंभीर कोशिश माना गया।
CBI अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान उनसे इस संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
उनकी गिरफ्तारी से पासपोर्ट विभाग और अन्य प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। CBI जांच की आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।


