मोहम्मदाबाद: मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 34 वर्षीय टेंपो चालक (Tempo driver) आशीष सिंह की मौत हो गई। यह घटना फर्रुखाबाद-इटावा बरेली हाईवे (Farrukhabad-Etawah Bareilly Highway) पर नींव करोरी ढाबे के पास बीती रात करीब 10 बजे हुई। आशीष सिंह खिरिया मुकंद गांव के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, आशीष सिंह फर्रुखाबाद से वापस लौट रहे थे, तभी मोहम्मदाबाद की ओर से आ रही एक अज्ञात कार ने उनके टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आशीष सिंह की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना दी। टक्कर मारने वाला कार चालक अपनी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया।
मृतक आशीष सिंह अपने दो भाइयों में बड़े थे और टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में माता मीरा देवी, पत्नी नीलम और दो वर्षीय पुत्र वेदांश हैं। उप निरीक्षक सुरेश सिंह चाहर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


