नई दिल्ली| झारखंड की राजनीति में इन दिनों नई हलचल तेज हो गई है। बिहार में एनडीए की जीत के बाद अब पड़ोसी झारखंड में भी राजनीतिक समीकरण बदलने की चर्चा जोर पकड़ रही है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा उनकी पत्नी कल्पना सोरेन की दो दिन पहले दिल्ली में भाजपा के एक शीर्ष नेता से महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। यह मुलाकात केवल शिष्टाचार भर नहीं मानी जा रही, बल्कि बताया जा रहा है कि प्रारंभिक स्तर पर साथ आने की सहमति भी बन चुकी है।
सूत्रों का दावा है कि बैठक में गठबंधन की संभावनाओं पर गंभीर चर्चा हुई, जिसमें विशेष रूप से डिप्टी सीएम पद को लेकर बातचीत आगे बढ़ी। कहा जा रहा है कि सरकार वर्तमान समय में वित्तीय संकट से जूझ रही है और कई वादों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में झामुमो नेतृत्व नए राजनीतिक समर्थन की राह तलाश रहा है, जबकि भाजपा भी राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने के अवसर की तलाश में है।
राजनीतिक गलियारों में इस संभावित नए समीकरण को लेकर अटकलों का सिलसिला जारी है। यदि यह गठबंधन सूत्रों के बताए अनुसार आगे बढ़ता है, तो झारखंड की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।






