शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, ट्रस्ट के कार्यों की सराहना
फर्रुखाबाद। एस.एन. साध ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित दिव्यांग शिविर में शनिवार को बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे। सुबह नौ बजे से शुरू हुए शिविर में दिव्यांगजनों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न प्रकार की आवश्यक सेवाएं एवं उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराए गए। शिविर में कुल 180 दिव्यांगजनों का पंजीकरण हुआ।
शिविर का निरीक्षण करने के लिए फर्रुखाबाद के मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ पहुंचे। शिविर में पहुंचने पर राकेश साध एवं चमकेश साध ने शाल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इसके बाद ट्रस्ट की ओर से उन्हें शिविर में दिव्यांगजनों को दी जा रही निशुल्क सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और पूरे शिविर का निरीक्षण कराया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने शिविर में दिव्यांगजनों के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा तथा ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने ट्रस्ट एवं ट्रस्टियों को इस प्रकार के नेक कार्य अपने नगर में आयोजित करने के लिए बधाई दी। साथ ही समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से भी दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए ऐसे सेवा कार्यों को बढ़ावा देने की अपील की।
शिविर की व्यवस्थाओं की कमान संभालने के लिए मधु साध, प्रिया साध, रितेश साध, राहुल साध, गुंजा जैन एवं रोहित गर्ग दिल्ली से पहुंचे। ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने बताया कि विगत वर्षों की तरह इस बार भी दिव्यांगजनों को शिविर का लाभ लेने के लिए केवल अपना आधार कार्ड एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र लेकर आना है। मौके पर तत्काल पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, जिसके बाद पात्र दिव्यांगजन शिविर में उपलब्ध निशुल्क सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर में कान संबंधी समस्या से परेशान दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनु द्वारा मरीजों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के बाद जरूरत के अनुसार कान की मशीन एवं दवाएं लिखी जा रही हैं, जिन्हें ट्रस्ट की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर में जयपुर से आई विशेष टीम द्वारा दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं अन्य उपयोगी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार टीम के सदस्यों द्वारा पूरी लगन और सेवा भाव से किए जा रहे कार्य से दिव्यांगजनों को काफी राहत मिल रही है। ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने जयपुर से आई पूरी टीम के सेवा कार्यों की सराहना की।
180 दिव्यांगजनों का पंजीकरण
शिविर में पहले दिन कुल 180 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान जरूरत के अनुसार विभिन्न उपकरण वितरित किए गए।
ट्राई साइकिल – 08
कृत्रिम हाथ – 07
व्हीलचेयर – 10
छड़ी – 36
कैलिपर – 24
कृत्रिम पैर – 29
बैसाखी – 28
वॉकर – 18
जूते – 26
कान की मशीन – 68
इस प्रकार शिविर में पहले दिन बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
सेवा कार्य में जुटी पूरी टीम
दिव्यांग शिविर के सफल आयोजन में उदय पाल, सुजीत वर्मा, विजय, नितिन, राहुल, प्रभात, नरेश, जगदीश, रॉबिन साध, शेखर साध सहित जयपुर से आई पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा। ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों के पंजीकरण से लेकर उपकरण उपलब्ध कराने तक की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
दिव्यांगों की सेवा में एस.एन. साध ट्रस्ट का सराहनीय प्रयास


