पंचायत सचिवों का ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में सांकेतिक सत्याग्रह शुरू

0
43

फर्रुखाबाद। प्रदेश स्तरीय आह्वान पर पंचायत सचिवों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था के विरोध में ग्राम पंचायत अधिकारी–ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति उत्तर प्रदेश की शाखा, जनपद फर्रुखाबाद ने सोमवार को सांकेतिक सत्याग्रह की शुरुआत की। समिति के प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिदेव सिंह और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के अध्यक्ष संदेश कुमार के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

सचिवों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। संगठन का कहना है कि शासन द्वारा जारी ऑनलाइन उपस्थिति संबंधी आदेश वर्तमान परिस्थितियों में अव्यवहारिक हैं और शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न करते हैं। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक इस विषय पर सफल वार्ता नहीं होती, तब तक विरोध कार्यक्रम जारी रहेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सचिव 4 दिसंबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। 5 दिसंबर को जनपद के सभी विकास खंडों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक संगठन के बैनर तले शांतिपूर्ण सांकेतिक सत्याग्रह किया जाएगा, जहां ऑनलाइन उपस्थिति के साथ-साथ सचिवों पर थोपे गए अन्य विभागीय कार्यों का भी विरोध किया जाएगा। खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजा जाएगा।

संगठन ने घोषणा की कि 10 दिसंबर से सचिव इंजन चालित वाहन से क्षेत्रीय भ्रमण नहीं करेंगे, बल्कि शासन द्वारा अनुमन्य 200 रुपये के साइकिल भत्ते के अनुरूप साइकिल, टैम्पो या बस से भ्रमण करेंगे। साथ ही साइकिल भत्ते के स्थान पर मोटरसाइकिल भत्ता लागू कराने की मांग शासन से की जाएगी। 15 दिसंबर को जटिल ई-ग्राम स्वराज एवं गेटवे प्रणाली के स्थान पर मोबाइल ऐप आधारित भुगतान प्रणाली लागू करने की मांग भी की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के अध्यक्ष संदेश कुमार, मंत्री विवेक कुमार, ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिदेव सिंह, मंत्री प्रमोद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here