पत्नी से जान का खतरा बताकर युवक ने एसएसपी से लगाई गुहार, जांच के आदेश

0
37

मुरादाबाद| मूंढापांडे थाना क्षेत्र के एक युवक ने अपनी ही पत्नी से जान का खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थनापत्र देकर सुरक्षा की मांग की है। युवक का कहना है कि 17 मई 2024 को हुई शादी के बाद से ही पत्नी लगातार उसे मानसिक रूप से परेशान कर रही है और गंभीर धमकियां दे रही है।

प्रार्थनापत्र में युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी आए दिन धमकी देती है कि वह अपने मायके जाकर जहर खा लेगी या बिजली के तार को पकड़कर आत्महत्या कर लेगी तथा इस घटना का आरोप उसके पूरे परिवार पर लगाकर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसा देगी। युवक का कहना है कि समस्या समाधान के लिए उसने मोहल्ले के लोगों व रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत भी कराई, जहां पंचों ने पत्नी को समझाया, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

युवक ने बताया कि उसकी पत्नी मायके में ही रहने का दबाव बनाती है और कई बार बिना बताए घर से चली जाती है। पूछने पर वह कहती है कि वह कहीं भी जा सकती है और अधिक पूछताछ करने पर हत्या कराने तक की धमकी देती है। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी कई बार अपने भाई और रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र में रहने वाले बहनोई से भी धमकी दिला चुकी है।

युवक की शिकायत पर एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here