बसपा को झटका : प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार ने पद और सदस्यता से दिया इस्तीफ़ा

0
343

लखनऊ| बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तुरंत बाद बहुजन समाज पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार ने सोमवार को निजी कारणों का हवाला देते हुए न केवल अपने पद से, बल्कि प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफ़ा दे दिया। उन्होंने पत्र के माध्यम से बसपा प्रमुख मायावती, राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि अपने कार्यकाल में उन्हें भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन मिला।

गौरतलब है कि इस्तीफ़े से ठीक एक दिन पहले पटना के महाराजा कॉम्पलेक्स स्थित सभागार में बिहार चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई थी। इस बैठक में आकाश आनंद, राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। ऐसे समय में जब चुनावी परिणामों की समीक्षा जारी थी, अनिल कुमार का अचानक दिया गया इस्तीफ़ा पार्टी के लिए गंभीर संकेत माना जा रहा है।

हालिया विधानसभा चुनाव में बसपा ने अकेले मैदान में उतरते हुए केवल एक सीट पर जीत दर्ज की थी। कैमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी सतीश यादव ने भाजपा उम्मीदवार को महज़ 30 वोटों से हराया था। अब प्रदेश प्रभारी के हटने के बाद पार्टी को अपने एकमात्र विधायक के टूटने का भी डर सताने लगा है।

बसपा नेतृत्व इस अप्रत्याशित इस्तीफ़े को लेकर सकते में है, क्योंकि चुनावी समीक्षा और संगठनात्मक बदलावों के बीच यह निर्णय आने वाले समय में पार्टी की रणनीति पर असर डाल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here