दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डंपर कार पर पलटा, बच्ची समेत सात की मौत

0
46

सहारनपुरl दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। सहारनपुर जनपद के सैय्यद माजरा गांव निवासी एक परिवार कार से कहीं जा रहा था कि अचानक खनिज से लदा तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर उनकी कार पर पलट गया। हादसे में कार में सवार बच्ची समेत सात लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देहरादून दिशा से आ रहा डंपर अचानक सामने आई कार को देखकर चालक ने ब्रेक लगाए, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे कार पर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस द्वारा मलबा हटाने का काम जारी है। कार में सवार जिन लोगों की मौत हुई, उनमें संदीप (35) पुत्र महेंद्र, महेंद्र की पत्नी रानी, रानी की बेटी, एक अज्ञात महिला (45 वर्ष) तथा तीन अन्य लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया और शवों को हटाने से इनकार कर दिया। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद भी मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत कर रहे हैं।

पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कार सवार परिवार कहां जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात रोककर बचाव कार्य चलाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here