लखनऊ।स्पेशल टास्क फोर्स ने कोडीन युक्त फेंसिडिल कफ सिरप और अन्य नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य सप्लायर अमित कुमार सिंह उर्फ अमित टाटा, निवासी ग्राम भोड़ा सीतूपुर, थाना सुरेरी, जौनपुर, को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह गिरोह करीब 100 करोड़ रुपये के अवैध ड्रग नेटवर्क को संचालित कर रहा था, जिसके तार पूर्वांचल के एक बड़े बाहुबली से जुड़े होने की आशंका है।
एसटीएफ को अमित टाटा की फॉर्च्यूनर गाड़ी (नंबर 9777) भी बरामद हुई है, जो उसी बाहुबली की गाड़ियों की सीरीज में शामिल बताई जाती है। जांच में पता चला कि पूरा नेटवर्क शुभम जायसवाल द्वारा संचालित था, जो कुछ महीने पहले अपने परिवार के साथ दुबई फरार हो चुका है।
सूत्रों के अनुसार, अमित टाटा तस्करी के साथ-साथ रामपुर ब्लॉक प्रमुख चुनाव लड़कर राजनीति में कदम रखने की तैयारी भी कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर उसकी कई पुरानी तस्वीरें वायरल हैं, जिसमें वह पूर्वांचल के कथित बाहुबली नेताओं के साथ दिख रहा है।
एसटीएफ पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है और मामले में कई और खुलासे होने की संभावना जताई गई है।





