मधुमक्खियों के हमले से दो युवक गंभीर, अस्पताल में भर्ती

0
29

फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के जैनापुर के निकट मुख्य सड़क पर रविवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते से निकली मधुमक्खियों ने पैदल जा रहे दो युवकों पर हमला बोल दिया। बताया जाता है कि दोनों युवक सामान्य रूप से सड़क किनारे होकर अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी एकाएक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। हमले के दौरान युवक दर्द से तड़पते हुए सड़क किनारे गिर पड़े और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 112 डायल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए दोनों घायलों को सुरक्षित तरीके से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने तुरंत उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। हमले में दोनों युवकों के शरीर पर बड़ी संख्या में डंक लगे थे, जिससे उनकी हालत काफी नाजुक बताई गई।

राजेपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. प्रमित राजपूत ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले से घायल दोनों युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है। लगातार निगरानी में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों युवकों को कई जगह सूजन और जलन की शिकायत है, जिसके लिए आवश्यक दवाएं और उपचार दिए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here