लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मोहान रोड पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें ई-रिक्शा में सवार चालक और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सभी लोगों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के संबंध में काकोरी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि मृतक चालक की पहचान मलिहाबाद के केवलहार निवासी सनी राठौर के रूप में हुई है। सनी अपने रिश्तेदारों को उन्नाव से वापस लेकर लखनऊ लौट रहे थे। परिवार उन्नाव जिले के महाराजपुर क्षेत्र में स्थित नेवलगंज गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था।
ई-रिक्शा में दुबग्गा के जमालनगर निवासी गुड़िया और उसके तीन बच्चे—जानवी, मानवी और वासू—सवार थे। मोहान रोड पर पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और सनी राठौर व एक मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।




