वजीरगंज में महिला की तहरीर पर एफआईआर दर्ज
लखनऊ| राजधानी के वजीरगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर न केवल दहेज के लिए प्रताड़ित करने, बल्कि नशीला पदार्थ पिलाकर अपने दोस्तों से अनैतिक कृत्य करवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित उसके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह 14 अक्तूबर 2022 को हरदोई रोड पर अंधे की चौकी के पास रहने वाले एक व्यापारी से हुआ था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही समय बाद पति ने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर वह शराब पीकर आए दिन मारपीट करता और कई बार भूखा रखकर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देता था।
महिला का आरोप है कि एक दिन उसका पति घर आया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। नशा चढ़ने के बाद जब वह पूरी तरह बेहोश हो गई तो पति के दोस्तों को बुलाकर उसके साथ अनैतिक कार्य करवाया गया। इस दौरान उसके अश्लील वीडियो और फोटो भी बना ली गईं। होश में आने पर जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसे बुरी तरह पीटकर चुप रहने की धमकी दी।
लगातार अत्याचार से परेशान होकर महिला अपने मायके चली गई। इस बीच आरोपी पति ने पीड़िता को डराने के इरादे से उनका रहने वाला मकान भी बेच दिया। जब महिला को इसकी जानकारी मिली और उसने विरोध किया तो पति ने उसकी निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिससे पीड़िता और अधिक मानसिक आघात का शिकार हो गई।
इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की तफ्तीश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि महिला को सुरक्षा मुहैया कराई गई है और मामले को संवेदनशीलता से देखा जा रहा है।





