दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को बड़ा सुरक्षा अलर्ट तब जारी किया गया जब ई-मेल के जरिए चार प्रमुख अदालतों और दो CRPF स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का नाम इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। पटियाला हाउस कोर्ट, साकेत कोर्ट, रोहिणी कोर्ट और तीस हजारी कोर्ट सहित द्वारका और प्रशांत विहार स्थित दो CRPF स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया। सभी परिसरों में बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने सघन जांच अभियान चलाया, हालांकि कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। धमकी के बाद आतंकवाद विरोधी टीमें ई-मेल भेजने वाले आरोपी की पहचान में जुट गई हैं और तकनीकी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है।




