प्रधान के पति पर युवक को पीटने और जूते में पेशाब पिलाने का आरोप

0
35

शाहजहांपुरl परौर क्षेत्र में ओबीसी जाति के एक युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि रंजिश के चलते ग्राम प्रधान के पति ने न सिर्फ उसकी पिटाई की, बल्कि जूते में पेशाब भरकर पिलाने की कोशिश की। मामला दो दिन दबा रहा, लेकिन सोमवार को पीड़ित युवक सामने आया। उसकी पत्नी ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी राजेश द्विवेदी ने मामले की जांच सीओ जलालाबाद को सौंपी है, हालांकि पुलिस पेशाब पिलाने की घटना से इंकार कर रही है।

पीड़िता के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे प्रधान के पति ने गोशाला से गायें खोलकर पीड़ित के घर की ओर भगा दीं, जिनमें से एक गाय घर में घुस गई। इस पर युवक ने आपत्ति जताई तो प्रधान का पति भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह गायों को छुट्टा ही रखेगा। इस विवाद पर पीड़ित ने हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत की, जिस पर पहुंची पीआरवी ने मामला शान्त करा दिया।

अगले दिन 15 नवंबर की शाम करीब चार बजे जब युवक खेत में आलू लगा रहा था, तभी प्रधान का पति अपने साथ कई लोगों को लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी ने युवक पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला किया और बेरहमी से पीटा। महिला का आरोप है कि उसके पति को जूते में पेशाब भरकर पिलाया गया और जब वह बचाने पहुंची तो उसके साथ छेड़खानी की गई और जमीन पर पटक दिया गया। घटना के बाद थाने जाते समय आरोपियों ने रास्ते में घेरकर धमकियां भी दीं।

मारपीट में घायल युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसपी ने कहा कि मामले की सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची थी और वादी की पत्नी का वीडियो भी बनाया गया था, जिसमें विवाद की बात सामने आई थी। उन्होंने बताया कि सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here