– पारिवारिक कलह की दर्दनाक घटना में तीन की मौत, गांव में मचा कोहराम
कोंच (जालौन)। ग्राम दाढ़ी में सोमवार सुबह हुए आत्मदाह कांड में इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजी गई दूसरी बच्ची ने भी मंगलवार तड़के दम तोड़ दिया। मां और बड़ी बेटी के बाद छोटी बेटी की मौत की खबर ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस हृदयविदारक घटना में अब तक आरती (27), उसकी 7 वर्षीय बेटी पीहू, और गंभीर रूप से झुलसी दूसरी बेटी,तीनों की मौत हो चुकी है। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची का शरीर काफी प्रतिशत तक जल चुका था, जिससे उसे बचाया नहीं जा सका। सोमवार सुबह पारिवारिक कलह से परेशान आरती ने अपनी दोनों बेटियों संग खुद को आग लगा ली थी। पड़ोसियों ने धुआं उठता देख दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक तीनों गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। आरती और पीहू की मौत सीएचसी में ही हो गई थी, जबकि दूसरी बेटी को झांसी रेफर किया गया था।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के देवर, जो एमपी पुलिस में दरोगा हैं, की बारात मंगलवार को जानी थी। लेकिन घर से तीन अर्थियां उठने के बाद पूरे परिवार और रिश्तेदारी में कोहराम मच गया।
कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फोरेंसिक टीम भी वैज्ञानिक जांच कर रही है। परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है। गांव के हर चेहरे पर दुख, सदमे और अविश्वास साफ झलक रहा है। तीन मासूम जिंदगियों का इस तरह बुझ जाना पूरे क्षेत्र के लिए गहरा आघात बन गया है।





