स्लीपर बस खाई में गिरी, 21 यात्री घायल

0
63

तेज रफ्तार में ओवरटेक बन गया हादसे की वजह

जालौन कानपुर से सूरत जा रही एक स्लीपर बस रविवार रात कालपी कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि हाईवे पर तेज रफ्तार में दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, कानपुर से सूरत जा रही बस जैसे ही कालपी के उसरगांव के पास पहुंची, चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के लिए गति तेज कर दी, जिससे वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कानपुर देहात, इटावा और आसपास के कई जिलों के यात्री घायल हुए हैं। इनमें कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के श्यामसुंदरपुर निवासी अमन बाबू (15), इटावा के बकेबर थाना क्षेत्र के सराई मिरठे निवासी अंकुश (11), आकाश (17), सतीश बाबू (16), सुनीता (35), पुष्पेंद्र (18), भोगनीपुर के उमरिया निवासी रवींद्र (20), ऊदल (30), मलासा निवासी अजय सिंह (42), बीलापुर निवासी नगीना (50), मुस्कान (16), खुशनसीब (12), मूसा नगर के ग्राम भरतौली निवासी दीपेंद्र कुमार (20), रामकिशोर (20), भितरगांव थाना जखल जरसौल निवासी जीतू (18), घाटमपुर निवासी सचिन, सिकंदरा निवासी धर्मेंद्र (30), कार्तिक (13), रामश्री (28), थाना अमराहट के करियापुर निवासी सिपाहीलाल और धर्मेंद्र शामिल हैं।

घायलों को पुलिस ने तत्काल कालपी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और बस चालक से पूछताछ की जाएगी कि उसने इतनी तेज रफ्तार क्यों पकड़ी। मौके पर ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। फिलहाल सभी यात्री खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here