मुख्यमंत्री योगी ने दी उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को बड़ी सौगात, खातों में भेजे 1500 करोड़ रुपये

0
42

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल का तोहफा दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिफिल की धनराशि महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की और मंच पर उपस्थित 10 महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से रिफिल की धनराशि प्रदान की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर 1 करोड़ 86 लाख उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं के खातों में 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी भेजी। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले गरीब महिलाओं को लकड़ी और कोयले से चूल्हा जलाना पड़ता था, जिससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता था और वे जिंदगीभर बीमारियों से जूझती थीं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिले हैं, जिससे महिलाओं का जीवन अब सरल और सुरक्षित हुआ है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने उज्ज्वला लाभार्थियों को हर वर्ष दो मुफ्त एलपीजी रिफिल देने का निर्णय लिया है। यह रिफिल दो चरणों में दी जाएगी — पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2025 और दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2026 तक चलेगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 1500 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। पहले चरण में आधार प्रमाणित लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कन्या सुमंगला योजना से 26 लाख 24 हजार बेटियों को लाभ मिला है और सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब कन्याओं का विवाह करवाया गया है।

वित्तमंत्री ने कहा कि “योगी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सबसे अधिक काम किया है।” उन्होंने मंच से कहा—
“मुद्दई हरगिज़ न कर पाएगा बांका बाल तक,
मोदी–योगी गूंजेगा भारत में सौ साल तक।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here