कायमगंज-अचरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, गांव विछौली के थे दोनों मृतक
कायमगंज, फर्रुखाबाद: कायमगंज-अचरा मार्ग पर स्थित लुधईया गांव के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई। अज्ञात वाहन (unknown vehicle) ने तेज रफ्तार में उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल दोनों को राहगीरों की मदद से सीएचसी कायमगंज पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विपिन ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव विछौली निवासी कमलेश कुमार मिश्रा (70 वर्ष) और उनके पुत्र आलोक कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, कमलेश मिश्रा शिक्षा विभाग में लिपिक पद से सेवानिवृत्त थे। पिता-पुत्र बाइक से कायमगंज कोल्ड से आलू लेने जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसआई जगदीप वर्मा ने जांच पड़ताल कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में मातम का माहौल है। मृतक की पत्नी रामराधा मिश्रा और पुत्रवधू अनुपम मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल है। आलोक के पीछे दो पुत्रियाँ शौर्यांशी, दिव्यांशी और पुत्र शौर्य हैं।


