पुलिस और क्राइम ब्रांच की मुठभेड़ में लूट व हत्या का आरोपी अजय गिरफ्तार

0
48

पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती, साथी अब भी फरार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना पारा क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पारा पुलिस ने क्राइम ब्रांच टीम के साथ मिलकर लूट और हत्या के आरोपी अजय को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में अजय के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, अजय पर पहले से ही लूट, हत्या और अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ समय पहले उसने अपने साथी के साथ मिलकर एक कैब चालक योगेश पाल से लूट की थी और विरोध करने पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में थी।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ उस वक्त हुई जब आरोपी किसी नई वारदात की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी के दौरान अजय ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।
एसएसपी लखनऊ ने बताया कि पारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की यह संयुक्त कार्रवाई शहर में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता है। उन्होंने टीम को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here