फर्रुखाबाद। थाना कमालगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25,000 रुपए के इनामी शातिर अपराधी अर्पित शाक्य को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने अर्पित शाक्य को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। पुलिस की तत्परता और साहस के चलते आरोपी अधिक देर तक फरार नहीं रह सका और घायल अवस्था में दबोच लिया गया।अर्पित शाक्य को तुरंत सीएचसी कमालगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोहिया अस्पताल, फतेहगढ़ रेफर कर दिया गया।
मुठभेड़ स्थल से आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल (सुपर स्प्लेंडर), एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, दो खोखा कारतूस 315 बोर, और 300 रुपये नगद बरामद किए गए। अर्पित शाक्य, पुत्र रामनरेश शाक्य, निवासी बबरापुर थाना गुरसहायगंज जनपद कन्नौज, वर्तमान में टिलिया बीबीगंज थाना मऊदरवाजा जनपद फतेहगढ़ में रह रहा था। उसके खिलाफ फर्रुखाबाद और कन्नौज में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम, लड़की भगाने के मामले शामिल हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है। साथ ही, इस कार्य में शामिल पुलिस टीम को जल्द ही सम्मानित किया जाएगा।


