कानपुर: कमिश्नरेट के अरौल थाने (Araul police station) की सूरत बदलने जा रही है। शासन ने थाने की नई बिल्डिंग (new building) के निर्माण के लिए करीब 7.19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिनमें से पहली किस्त 3.59 करोड़ रुपये रिलीज भी कर दी गई है। नई बिल्डिंग के बन जाने के बाद यहां तैनात पुलिसकर्मियों को आवास की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
पश्चिम जोन के बिल्हौर क्षेत्र में स्थित अरौल नया थाना 11 फरवरी 2023 को तत्कालीन पुलिस आयुक्त बीपी जोगदण्ड द्वारा उद्घाटन किया गया था, लेकिन तब से यहां रहने और आराम करने की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा थाने के कामकाज के लिए पर्याप्त कमरे भी नहीं थे। इस कमी को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय ने शासन को थाने की बिल्डिंग निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा था।
संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शासन ने निर्माण कार्य के लिए धनराशि मंजूर कर दी है और कार्यदायी संस्था सीएनडीएस इसे पूरा करेगी। स्वीकृत धनराशि का उपयोग 31 मार्च 2026 तक करना अनिवार्य है। इस योजना के लागू होने के बाद अरौल थाना न केवल बेहतर ढंग से संचालित होगा बल्कि यहां तैनात पुलिसकर्मियों की रहने और कार्य करने की सुविधा भी सुनिश्चित होगी।
इसके अलावा सचेंडी, नर्वल और बेकनगंज थाने की बिल्डिंग निर्माण के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, जिससे पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को मजबूत और सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।


