क्रासर
ई-रिक्शा में छूट गया था बैग, मोबाइल, आधार कार्ड, नकदी और कपड़ों सहित पूरा सामान सुरक्षित बरामद कर लौटाया
फर्रुखाबाद। मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत फतेहगढ़ पुलिस ने तत्परता और सक्रियता का परिचय देते हुए पश्चिम बंगाल से मंदिरों में दर्शन और भ्रमण के लिए आए एक दंपती का खोया हुआ बैग महज 30 मिनट के अंदर बरामद कर उन्हें सकुशल सौंप दिया। बैग में एंड्रॉयड मोबाइल, आधार कार्ड, नकदी, कपड़े और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर दंपती ने राहत की सांस ली और फतेहगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल से एक दंपती जनपद फतेहगढ़ में मंदिरों के दर्शन और भ्रमण के उद्देश्य से आया हुआ था। इसी दौरान यात्रा करते समय उनका एक बैग ई-रिक्शा में छूट गया। बैग में जरूरी दस्तावेजों के साथ मोबाइल फोन, नकदी, कपड़े और अन्य सामान होने के कारण दंपती परेशान हो गया। बैग खोने के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी और सामान बरामद कराने की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही सर्विलांस टीम और थाना कादरीगेट पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। पुलिसकर्मियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और संबंधित ई-रिक्शा की तलाश में जुट गए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और टीमों के आपसी समन्वय के चलते महज 30 मिनट के भीतर संबंधित ई-रिक्शा का पता लगा लिया गया। इसके बाद बैग को बरामद कर उसमें रखा समस्त सामान सुरक्षित दंपती को वापस सौंप दिया गया।
अचानक खोए बैग और उसमें रखे जरूरी सामान की बरामदगी से दंपती के चेहरे पर खुशी लौट आई। दूसरे प्रदेश से धार्मिक यात्रा पर आए दंपती ने फतेहगढ़ पुलिस की तत्परता, सहयोग और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस की त्वरित सहायता और आमजन के प्रति जिम्मेदारी को उजागर किया। समय रहते बैग बरामद होने से दंपती की परेशानी दूर हो गई और उनकी यात्रा भी प्रभावित होने से बच गई।
मिशन शक्ति 6.0: फतेहगढ़ पुलिस की तत्परता से 30 मिनट में मिला दंपती का खोया बैग, पश्चिम बंगाल से दर्शन करने आए थे दंपती


