प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक के 12,405 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को राहत मिली है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने ऑनलाइन आवेदन करने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 अक्टूबर 2026 कर दी है। वहीं, आवेदन पत्र में संशोधन करने का अवसर 31 अक्टूबर 2026 तक मिलेगा।
आयोग की ओर से यह भर्ती विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत निकाली गई है। इसके अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 897 पदों और बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय नगरीय विद्यालयों में 11,508 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
पहले ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित थी, जबकि आवेदन में संशोधन के लिए 19 अक्टूबर तक का समय दिया गया था। अब आयोग ने अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देते हुए दोनों तिथियों में बदलाव किया है।
हालांकि, भर्ती की लिखित परीक्षा के कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 और 4 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले पात्रता संबंधी शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर लें। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने के बावजूद परीक्षा की तैयारी में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें।


