क्रासर
बघार नाले के पास हुआ हादसा, लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान गिरीश ने तोड़ा दम; परिजनों में मचा कोहराम
फर्रुखाबाद। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत बघार नाले के पास रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के ग्राम हुलापुर निवासी गिरीश पुत्र शेर सिंह के एक रिश्तेदार को फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बघार नाले के पास स्थित जेएस ग्रुप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। रिश्तेदार को देखने के लिए गिरीश अस्पताल पहुंचे थे। वहां उनके परिचित महेश निवासी मीरपुर, थाना जहानगंज भी मौजूद थे।
बताया गया कि अस्पताल से निकलने के बाद गिरीश और महेश बाइक से बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बघार नाले के पास रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर घायलों को तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने गिरीश का उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। वहीं, हादसे में घायल महेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गिरीश की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल पहुंचे परिजन शव देखकर बिलख पड़े। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत, साथी घायल


