– डीबीटी के माध्यम से अब तक 11,399 किसानों के खातों में पहुंचे 5.50 करोड़ रुपये
– मत्स्य विभाग और उद्यान विभाग ने भी लाभार्थियों को बांटी सामग्री
फर्रुखाबाद।बाढ़, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों एवं परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के बाद फर्रुखाबाद के कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जनप्रतिनिधियों ने 55 आपदा प्रभावित लाभार्थियों को कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि वितरित की। इस दौरान मत्स्य विभाग और उद्यान विभाग की योजनाओं के तहत भी लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि जनपद में 1 अगस्त से लगभग दो महीने तक बाढ़ का प्रभाव बना रहा। इससे सबसे अधिक नुकसान अमृतपुर तहसील में हुआ, जबकि कायमगंज और सदर तहसील के कई क्षेत्र भी प्रभावित रहे। कई स्थानों पर नदी के कटान से मकानों को नुकसान पहुंचा, वहीं लंबे समय तक खेतों में पानी भरा रहने से फसलें भी बर्बाद हुईं। जलस्तर घटने के बाद बारिश और गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से दोबारा बाढ़ जैसे हालात बने।
प्रशासन के अनुसार, बाढ़ से प्रभावित 22,627 किसानों को कुल 11.50 करोड़ रुपये की राहत राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें अमृतपुर तहसील के 14,708, फर्रुखाबाद तहसील के 902 और कायमगंज तहसील के 7,015 किसान शामिल हैं। अब तक 11,399 किसानों को डीबीटी के माध्यम से 5.50 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष किसानों का डाटा फीड हो चुका है और बजट उपलब्ध होने के अनुसार भुगतान किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि अतिवृष्टि के कारण 317 किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। इनकी कुल प्रभावित कृषि भूमि 105 हेक्टेयर बताई गई है। अब तक 204 किसानों को 10.55 लाख रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। शेष पात्र किसानों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद भुगतान किया जाएगा।
अतिवृष्टि से मकानों को हुए नुकसान के संबंध में 405 प्रकरणों में कुल 28 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इनमें से 275 पीड़ितों को 14.12 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष लाभार्थियों को भी सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन के मुताबिक, कायमगंज तहसील में आपदा के कारण एक व्यक्ति की मृत्यु हुई थी। शासन के निर्देशों के अनुसार पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई गई। वहीं, बाढ़ के तेज बहाव से नदी के कटान के कारण सदर और कायमगंज तहसीलों में प्रभावित लोगों को निर्धारित समय के भीतर कुल 1.30 लाख रुपये की राहत सहायता दी गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मत्स्य विभाग की ओर से पांच लाभार्थियों को एरिएशन सिस्टम एवं बोट वितरित किए गए। इसका उद्देश्य मत्स्य पालन से जुड़े लोगों की आजीविका को मजबूत करना है। उद्यान विभाग की ओर से 10 लाभार्थियों को सब्जियों के बीज निःशुल्क उपलब्ध कराए गए, ताकि सब्जी उत्पादन को बढ़ावा मिल सके और किसानों की आय में वृद्धि हो।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि आपदा की घड़ी में जिला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग से प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री, अनुदान राशि और अन्य जरूरी सहायता पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और मीडिया बंधुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा आपदा प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है।
कार्यक्रम में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि तथा निषाद राज पार्टी के अध्यक्ष अनिल निषाद मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, तहसीलदार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया, आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी आयुष्मान परिहार सहित अन्य अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।


