नवाबगंज। मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन रविवार को 11वें दिन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में जारी रहा। आशा कार्यकर्ताओं ने वर्तमान में मिल रहे 2,000 रुपये के मानदेय को बढ़ाकर 21,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग उठाई।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि गांव-गांव जाकर उन्हें स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य करने पड़ते हैं। इनमें आभा आईडी बनाना, कुष्ठ रोग से संबंधित सर्वे, मरीजों की पहचान, स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना और गर्भवती महिलाओं व बच्चों से संबंधित जानकारी जुटाना शामिल है। इसके अलावा विभिन्न विभागीय सर्वे और फॉलोअप की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ती है।
आशाओं ने कहा कि समय के साथ उनके काम और जिम्मेदारियों का दायरा बढ़ता जा रहा है, लेकिन मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। उन्होंने सरकार से मानदेय बढ़ाकर 21 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


