नवाबगंज। नवाबगंज-मोहम्मदाबाद मार्ग पर बॉसमाई मोड़ के पास कार की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही स्कूटी से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार समेत स्कूटी पर सवार दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों घायलों को नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बाइक सवार को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नगला दमू निवासी रौनक पुत्र अनोज बाइक से मोहम्मदाबाद जा रहे थे। बॉसमाई मोड़ के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और आगे चल रही स्कूटी से जा टकराई।
स्कूटी पर नवाबगंज से अपने घर करनपुर जा रहे आदित्य पुत्र राजेश और नितिन पुत्र अनिल कुमार सवार थे। बाइक की टक्कर लगने से दोनों स्कूटी सवार भी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस चालक भवर सिंह और ईएमटी रजनीश मौके पर पहुंचे। तीनों घायलों को नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां फार्मासिस्ट आलोक कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया। रौनक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।


