– अलग-अलग तिथियों में पुरुष-महिला अभ्यर्थियों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में चयनित फर्रुखाबाद जिले के 420 पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण की तिथि घोषित कर दी गई है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर 2026 से सुबह 9:00 बजे मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी।
मेडिकल परीक्षण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, फर्रुखाबाद की ओर से गठित समिति द्वारा शासनादेश के अनुसार पुरुष और महिला अभ्यर्थियों का अलग-अलग तिथियों में स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। प्रतिदिन 50-50 नवचयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण प्रस्तावित है।
जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय के अनुसार अभ्यर्थियों को उनके क्रमांक/अनुक्रमांक के आधार पर 9 अक्टूबर 2026 से बुलावा पत्र जारी किए जा रहे हैं। अभ्यर्थी अपने ब्लॉक के थानों पर तैनात होमगार्ड विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर स्वास्थ्य परीक्षण और चरित्र सत्यापन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा नवचयनित अभ्यर्थी कार्यालय जिला कमांडेंट, होमगार्ड्स, फर्रुखाबाद में उपस्थित होकर भी अपने मेडिकल परीक्षण आदि के लिए बुलावा पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
प्रदेश स्तर पर भी होमगार्ड भर्ती के सफल अभ्यर्थियों को चिकित्सीय परीक्षण की अगली प्रक्रिया के लिए विभागीय निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने अभ्यर्थियों को आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।


