31.2 C
Lucknow
Thursday, October 8, 2026

ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत,

Must read

पत्नी के विवाद के बाद आत्महत्या की आशंका

फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के रसीदपुर गांव के पास गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 45 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की पहचान शमशेर नगर निवासी ऋषिराम की पत्नी नेम देवी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हादसे समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने रसीदपुर रेलवे लाइन पर गेट संख्या 144/9/बी से हथियापुर क्रॉसिंग की ओर करीब तीन किलोमीटर आगे ट्रैक पर शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजब सिंह और चौकी इंचार्ज विनीत त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उप निरीक्षक विनीत त्रिपाठी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जांच के दौरान सामने आया कि नेम देवी की मौत 15040 फर्रुखाबाद-कासगंज एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई। मौके पर पहुंचे पति ऋषिराम ने शव की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार रात भैंस के ब्याने को लेकर नेम देवी और ऋषिराम के बीच कहासुनी हुई थी। बताया गया कि नेम देवी भैंस बेचने की बात कह रही थी। विवाद के बाद वह रात में घर से निकल गई। ग्रामीणों ने उसे सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे बैठे देखा था। इसके कुछ देर बाद ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

मृतका के तीन बेटे गुजरात में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात कही है।

थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आत्महत्या और हादसे, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article