– स्क्रूटनी के दौरान कमियां मिलने पर आरओ ने लिया निर्णय
– पूरी प्रक्रिया की कराई गई वीडियोग्राफी
लखनऊ। विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के तहत बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच और स्क्रूटनी की गई। मण्डलायुक्त कार्यालय स्थित न्यायालय आयुक्त, लखनऊ मण्डल के कक्ष संख्या-01 में मण्डलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर विजय विश्वास पंत की देखरेख में सभी नामांकन पत्रों की नियमानुसार जांच की गई।
स्क्रूटनी के दौरान नामांकन पत्रों में पाई गई कमियों के आधार पर कुल 6 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। इनमें लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पांच और लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का एक नामांकन शामिल है।
रिटर्निंग ऑफिसर विजय विश्वास पंत ने बताया कि सभी प्रत्याशियों द्वारा दाखिल किए गए नामांकन प्रपत्रों की नियमानुसार गहन जांच की गई। जांच के दौरान जिन नामांकन पत्रों में निर्धारित नियमों और आवश्यकताओं के अनुरूप कमियां पाई गईं, उन्हें नियमानुसार मेरिट के आधार पर निरस्त किया गया।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। पूरी स्क्रूटनी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
स्क्रूटनी के दौरान लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पांच निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज किए गए। इनमें अवनीश कुमार वर्मा, धौरहरा, जनपद प्रतापगढ़; कांति सिंह, मंसारा, जनपद बाराबंकी; राम चंद्र तिवारी, रमापुर बाबूगंज, जनपद प्रतापगढ़; विनोद कुमार वर्मा, एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड, लखनऊ तथा चंद्रभान मौर्य, डलमऊ, जनपद रायबरेली शामिल हैं।
वहीं, लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विद्या सागर, सिविल लाइन, जनपद हरदोई, निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन पत्र भी स्क्रूटनी के दौरान निरस्त कर दिया गया।


