लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप ) 9 अक्टूबर को लखनऊ में विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार प्रदर्शन राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित किया जाएगा।
आप नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार विरोध दर्ज करा रही है। इससे पहले 2 अक्टूबर को भी लखनऊ के जीपीओ पार्क में आप कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस दौरान अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।
आप के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन का आह्वान किया है। पार्टी सांसद संजय सिंह ने 2 अक्टूबर को संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर यह मांग उठाई थी।
अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने बताया कि 9 अक्टूबर के प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
हालांकि, मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दलों की आपत्तियों के बीच निर्वाचन आयोग की ओर से प्रक्रिया को वैध मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा तथा अपात्र/डुप्लीकेट नामों को हटाने की कवायद बताया गया है।


