नई दिल्ली: डेयरी कारोबारी रतन लोहिया मर्डर केस में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को बड़ी कामयाबी मिली है। रतन लोहिया की हत्या (Ratan Lohia murder case) के करीब एक साल बाद दिल्ली पुलिस ने मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 52 वर्षीय रणबीर लोहिया के रूप में हुई है, जो फतेहपुर बेरी का ही रहने वाला है। रतन लोहिया की हत्या जमीन विवाद में की गई थी। इस पुरानी रंजिश में अब तक कई हत्याएं हो चुकी हैं।
पुलिस के मुताबिक रणबीर कारोबारी अरुण लोहिया का पिता है और अब जांच में उसे रतन की हत्या की साजिश से जोड़ा गया है। जांच के दौरान एक ऐसा वीडियो फुटेज सामने आया, जिसमें रणबीर कथित तौर पर रतन की हत्या में शामिल शूटर्स और अपने रिश्तेदार कमल के साथ बैठा दिखाई दे रहा था। पुलिस ने इस फुटेज को फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) जांच के लिए भेजा था।
बता दें कि 30 नवंबर को डेयरी कारोबारी रतन लोहिया की उसके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि वह अया नगर स्थित अपनी डेयरी की ओर जा रहा था, तभी उस पर हमला हुआ। रतन के परिवार ने आरोप लगाया था कि हमलावरों ने उस पर करीब 70 राउंड गोलियां चलाई थीं। इसके बाद पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की और रतन के एक परिचित सहयोगी समेत कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। अब रणबीर की गिरफ्तारी से इस हत्याकांड के पीछे की कथित साजिश और उसके दूसरे आरोपियों से संबंधों की भी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी ने कथित तौर पर पुष्टि की कि फुटेज के साथ छेड़छाड़ नहीं की गई थी और यह घटना से पहले का है। इसके अलावा जांचकर्ताओं को रणबीर के खिलाफ कुछ अन्य सबूत और अहम सुराग भी मिले, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच विवाद की जड़ जमीन के एक प्लॉट से जुड़ी है और यह रंजिश लंबे समय से चली आ रही थी।


