कमालगंज संवाददाता।
थाना क्षेत्र के जहानगंज मार्ग पर साठिया बाग के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार महमदपुर अचला गांव निवासी उपेंद्र यादव बाइक से कमालगंज की ओर जा रहे थे। साठिया बाग के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को तत्काल कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल लोहिया, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


