27 C
Lucknow
Friday, October 2, 2026

97 किलो गांजा की बड़ी खेप पकड़ी गई, NCB और पुलिस ने 3 तस्करों को किया गिरफ्तार

Must read

रांची: राजधानी रांची में गांजा तस्करी (Cannabis smuggling) के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और रांची पुलिस (Ranchi Police) ने बड़ी कार्रवाई की है। नगड़ी इलाके में संयुक्त टीम ने दो कारों को घेरकर करीब 97 किलो गांजा बरामद किया और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से रांची लाई जा रही थी और इसे हजारीबाग के बरही तक पहुंचाने की तैयारी थी।

NCB को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप रांची लाई जा रही है। इसके बाद रांची पुलिस की मदद से नगड़ी इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान टीम की नजर दो कारों पर पड़ी। पुलिस को देखते ही आगे चल रही कार ने अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया। उसके पीछे चल रही दूसरी कार के चालक ने भी तेजी से निकलने की कोशिश की। हालांकि, पहले से सतर्क टीम ने दोनों वाहनों को घेर लिया।

वाहनों की तलाशी के दौरान एक कार से करीब 97 किलो गांजा बरामद हुआ। जांच में पता चला कि तस्करी के लिए दो कारों का इस्तेमाल किया जा रहा था।बताया जा रहा है कि आगे चल रही कार से रास्ते की रेकी की जा रही थी, जबकि पीछे चल रही कार में गांजे की खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खेप को रांची से आगे हजारीबाग के बरही तक पहुंचाया जाना था।

कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग निवासी शुभम कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं। तीसरे आरोपी की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर NCB की टीम पूछताछ कर रही है। NCB अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप ओडिशा में कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन सा सप्लायर है और इसे बरही में किसे पहुंचाया जाना था।

अधिकारियों को पूछताछ के दौरान पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि NCB को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रांची पुलिस ने एजेंसी को सहयोग किया और संयुक्त कार्रवाई में नगड़ी इलाके से गांजे की बड़ी खेप बरामद की गई।कार्रवाई में नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार और उनकी टीम की भी भूमिका रही।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article