27.2 C
Lucknow
Friday, October 2, 2026

दो मंदिरों और ब्रह्मदेव स्थान से मूर्तियां व घंटों की चोरी, ग्रामीणों में हड़कंप

Must read

 

– गमा देवी मंदिर का ताला तोड़कर दो पीतल की दुर्गा प्रतिमाएं और 10 घंटे ले गए चोर, ब्रह्मदेव स्थान से भी 15 घंटे चोरी

मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा अतनपुर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो मंदिरों और ब्रह्मदेव स्थान को निशाना बनाकर मूर्तियां, घंटे और अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह मंदिरों में चोरी की जानकारी होने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने डायल-112 पुलिस को सूचना देने के साथ ही थाने में तहरीर दी है।
गांव के बाहर स्थित गमा देवी मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर अंदर रखी दुर्गा माता की दो पीतल की प्रतिमाएं चोरी कर लीं। इसके अलावा मंदिर परिसर में लगे करीब 10 घंटे भी चोर अपने साथ ले गए।
इसके बाद चोरों ने ब्रह्मदेव स्थान को निशाना बनाया। यहां से भी चोर करीब 15 घंटे चोरी कर ले गए। इसके बाद गांव के पास खेतों में बने शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 11 किलो वजनी एक घंटा और चांदी की थाली चोरी कर ली। मंदिर के अंदर छिपाकर रखा गया एक घंटा चोरों की नजर से बच गया। ग्रामीणों के अनुसार शिव मंदिर से करीब छह घंटे भी चोरी किए जाने की बात सामने आई है।
गांव निवासी वीरेश कुमार रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे। गमा देवी मंदिर का ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने अन्य मंदिरों में जाकर देखा तो वहां भी चोरी होने का पता चला।
मंदिरों से मूर्तियां और घंटों की चोरी की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी की घटना की जांच शुरू कर दी है।
लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article