32.4 C
Lucknow
Friday, October 2, 2026

बघार में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत, ग्रामीणों ने बाहर निकाला

Must read

 

दोस्तों के साथ नहाने गया था 13 वर्षीय शेखर, गहरे पानी में डूबने से हादसा; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

नवाबगंज। थाना क्षेत्र के नगला दमू गांव में शुक्रवार को बघार में नहाने गए 13 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। किशोर को डूबता देख साथ गए बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बघार में उतरकर काफी मशक्कत के बाद किशोर को बाहर निकाला। परिजन उसे ई-रिक्शा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नगला दमू निवासी रजनीश गुजरात में नौकरी करते हैं और उनका परिवार गांव में रहता है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनका 13 वर्षीय पुत्र शेखर गांव के अन्य बच्चों के साथ नवाबगंज-कायमगंज मार्ग पर गांव के आगे स्थित बघार में नहाने गया था। नहाते समय शेखर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर साथ गए बच्चों ने चीख-पुकार शुरू कर दी।

किशोर के डूबने की जानकारी मिलने पर राज, अनुराग और कमल घर पहुंचे और शेखर के ताऊ राजू को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही राजू समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान कुतुबुद्दीनपुर गांव निवासी दलवीर सिंह, सर्वेश सिंह सहित चार-पांच ग्रामीण बघार में उतर गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद शेखर को पानी से बाहर निकाला।

इसके बाद परिजन शेखर को ई-रिक्शा से सीएचसी नवाबगंज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर रितेश कुमार ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।

तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था शेखर

परिजनों के अनुसार शेखर तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई का नाम सागर (15) और छोटे भाई का नाम श्रेयांश (5) है। शेखर नवाबगंज नगर के एक स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। शुक्रवार सुबह वह स्कूल गया था और करीब 11 बजे घर लौटा। इसके बाद दोस्तों के साथ बघार में नहाने चला गया, जहां हादसा हो गया।

घटना के बाद मां सोनी, ताऊ राजू सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। दरोगा जगराम ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article