– जीपीओ स्थित प्रतिमा पर पुष्पार्चन, स्कूली बच्चों ने भजनों की दी मनमोहक प्रस्तुति
– बोले- बापू के आदर्श आज भी आत्मनिर्भर भारत का मार्गदर्शन कर रहे
लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के जीपीओ स्थित बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति और आध्यात्मिक भाव से ओतप्रोत विभिन्न भजनों एवं गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रस्तुतियों को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में बच्चों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘वह शक्ति हमें दो दयानिधे’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ जैसे भजनों एवं गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर बापू ने संपूर्ण विश्व को स्वदेशी और अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू के आदर्श, उनकी सादगी और विचार आज भी आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने गांधी जी के जीवन और उनके विचारों को याद करते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और स्वावलंबन के उनके संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण हैं।
जीपीओ में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद बृजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, डॉ. नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, जय देवी और अमरेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
गांधी जयंती के अवसर पर राजधानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बापू के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, सादगी और आत्मनिर्भरता के संदेश को याद किया गया।


