फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत रामानंद बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें छात्राओं एवं युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त अभियान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के साथ-साथ आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने प्लास्टिक एवं पॉलिथीन के बढ़ते इस्तेमाल से पर्यावरण को होने वाले नुकसान पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण केवल आज की समस्या नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ेगा। दैनिक जीवन में प्लास्टिक और पॉलिथीन का अत्यधिक प्रयोग पर्यावरण के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हम सभी अपनी दिनचर्या में जाने-अनजाने ऐसे कई कार्य करते हैं, जिनसे प्रदूषण को बढ़ावा मिलता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर प्रदूषण रोकने और पर्यावरण संरक्षण का प्रयास करे तो स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वच्छता अभियान तथा प्लास्टिक मुक्त अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान कई युवाओं ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अपने विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षक एवं समर्पण फाउंडेशन के अध्यक्ष रोहित दीक्षित, अध्यापिका साधना राठौर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं ने लिया संकल्प


