क्रासर
डीएम को संबोधित ज्ञापन थानाध्यक्ष शमशाबाद को सौंपकर उठाईं आधा दर्जन समस्याएं
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। विनाशकारी बारिश ने गरीब मजदूरों और किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं कई गांवों में कच्चे मकान गिरने से गरीब परिवार बेघर हो गए हैं। किसानों की इन समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को संबोधित आधा दर्जन मांगों का ज्ञापन थानाध्यक्ष शमशाबाद को सौंपकर समस्याओं के जल्द निस्तारण की मांग की है।
जिला महासचिव संजय गंगवार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि बीते दिनों हुई विनाशकारी बारिश ने सैकड़ों ग्रामीण किसानों और मजदूरों को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, कई गांवों में कच्चे मकान गिरने से गरीब परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराकर फसल और मकान क्षति का आकलन कराया जाए। प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए और जिन गरीब परिवारों के मकान गिर गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे दोबारा अपने परिवार के साथ सुरक्षित जीवन बिता सकें।
किसान यूनियन ने आलू की फसल का उचित भाव दिलाने, छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भिजवाने तथा रमापुर जाने वाली सड़क की पुलिया की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग भी उठाई। इसके अलावा आंधी और बारिश के कारण गिरे पेड़ों को काटने वाले किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किए जाने की मांग की गई।
इसी दौरान जिला महासचिव संजय गंगवार ने सोसायटी अध्यक्ष से भी वार्ता की। उन्होंने कहा कि आलू की गढ़ाई का सीजन नजदीक है और ऐसे में किसानों को खाद की जरूरत पड़ेगी। इसलिए डीएपी सहित सभी प्रकार की खादों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, जिससे किसानों को खाद के लिए बाजारों में भटकना न पड़े और उन्हें कालाबाजारी का शिकार न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि आलू की बुवाई प्रभावित न हो और किसान अपनी फसल की तैयारी समय से कर सकें।
इस मौके पर जिला महासचिव संजय गंगवार के साथ श्यामसुंदर, छोटे राम, लवलेश मौर्य, डॉ. सतीश, कैलाश चंद्र, शशि लाल चौधरी, देवकीनंदन, अजयपाल, ब्रजराज, नेत्रपाल, जगदीश वर्मा, सत्यकिशोर, सरनाम सिंह, राधेश्याम, सत्यवान पाल सहित तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विनाशकारी बरसात ने किसानों की कमर तोड़ी, मुआवजे और आवास की मांग को लेकर भाकियू ने सौंपा ज्ञापन


