28.3 C
Lucknow
Tuesday, September 29, 2026

सीआईएसएफ जवान ने साथियों पर बरसाईं गोलियां, 4 की मौत

Must read

कठुआ। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार शाम केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान ने अपने ही साथियों पर गोली चला दी। अचानक हुई गोलीबारी में चार जवानों की मौत हो गई। मृतकों में एक सहायक कमांडेंट भी शामिल हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों और पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 7:30 बजे हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे बसोहली क्षेत्र के एक बिजली परियोजना परिसर में हुई। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक जवान ने अपनी सरकारी राइफल से साथियों पर गोलियां चला दीं।

गोलीबारी में सहायक कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक रफीक अहमद और आरक्षक संदीप कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी प्रधान आरक्षक अभिदेश कुमार सिंह के पास सरकारी एके-47 राइफल और करीब 150 गोलियां थीं। बताया जा रहा है कि वह कार्यालय परिसर में पहुंचा और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। हालांकि गोलीबारी के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की असली वजह और गोलीबारी के पूरे घटनाक्रम का पता चल सकेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article