– यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- पार्टी बनकर काम कर रहे हैं मुख्य चुनाव आयुक्त
– प्रदर्शनकारियों पर मुकदमे दर्ज करने का आरोप
लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या की है और वह निष्पक्ष संवैधानिक संस्था के बजाय एक राजनीतिक पार्टी की तरह काम कर रहे हैं।
अजय राय ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। उनका आरोप है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों का जवाब मिलना चाहिए।
इससे पहले 25 सितंबर को लखनऊ में कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोका था और बाद में अजय राय समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा गया था।
वहीं, 28 सितंबर को भी लखनऊ में कांग्रेस और सपा ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।


