लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र में एक युवती ने नाबालिग उम्र में कथित यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के दबाव के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शाहनवाज, सीराज और शाहरूख के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2021 में जब पीड़िता 16-17 वर्ष की थी और कक्षा 11 में पढ़ती थी, तब शाहनवाज ने कथित तौर पर उसकी मांग में जबरन सिंदूर भरकर उसकी तस्वीर खींची। आरोप है कि बाद में इसी तस्वीर को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि ब्लैकमेलिंग के जरिए उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। साथ ही उस पर कलमा पढ़ने, बुर्का पहनने और हिंदू धर्म की पूजा बंद करने का दबाव बनाया गया। शिकायत में मौलाना को बुलाकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश और विरोध करने पर धमकियां देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मामले में दो अन्य लोगों सीराज और शाहरूख पर भी पीड़िता के परिवार को धमकाने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने में सहयोग करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।


