मोहम्मदाबाद। प्रधानी चुनाव में वोट के लिए दिए गए पैसे वापस मांगने को लेकर डूंगरपुर गांव में विवाद हो गया। पैसे मांगने के साथ गाली-गलौज का विरोध करने पर महिला और उसके पति से लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप है। महिला ने तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
डूंगरपुर निवासी रिषी की पत्नी किरन लता ने तहरीर में बताया कि 28 सितंबर की सुबह करीब सात बजे वह घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान गांव के कप्तान सिंह पुत्र हरिराम सिंह, मिंटू पुत्र अमर सिंह और संजू पुत्र राम सिंह घर पर आए। आरोप है कि तीनों प्रधानी चुनाव में वोट के लिए दिए गए पैसे वापस मांगने लगे और गाली-गलौज करने लगे।
किरन लता के गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पति रिषी बचाने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना में दोनों को चोटें आई हैं।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
अपराध निरीक्षक मुन्ना लाल यादव ने बताया कि महिला और उसके पति का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


