23 C
Lucknow
Friday, September 25, 2026

अयोध्या: 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से विस्थापित दुकानदारों को मिलेगी दुकान, नगर निगम बनाएगा वेंडिंग जोन

Must read

अयोध्या: अयोध्या (Ayodhya) के नाका क्षेत्र में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण के चलते विस्थापित हुए दुकानदारों (Shopkeepers) को नगर निगम वेंडिंग जोन बनाकर दुकानें उपलब्ध कराएगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने शुक्रवार को विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और यथासंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में महापौर ने कहा कि विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन से लगातार बातचीत चल रही है। जैसे ही जिला प्रशासन नगर निगम को नजूल की जमीन उपलब्ध कराएगा, वहां वेंडिंग जोन विकसित कर प्राथमिकता के आधार पर विस्थापित परिवारों को दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अक्षय नवमी के अवसर पर होने वाली 14 कोसी परिक्रमा से पूर्व सड़क निर्माण कार्य पूरा करना आवश्यक था। विकास कार्य के दौरान जिन लोगों को विस्थापित होना पड़ा है, उनके साथ योगी सरकार न्याय करेगी। फिलहाल बारिश और धूप से बचाव के लिए विस्थापित दुकानदारों को अस्थायी शेड उपलब्ध कराने का निर्णय नगर निगम ने लिया है। साथ ही वहां मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी की जा रही है।

महापौर ने कहा कि दुकानदारों और जिला प्रशासन से निरंतर संवाद किया जा रहा है। सभी को सरकार की व्यवस्था और न्याय पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जिस गति से विकास कार्य हो रहे हैं, वह अभूतपूर्व हैं. विकास के इस दौर में कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों को असुविधा जरूर हुई है, लेकिन आने वाले समय में इसका लाभ कहीं अधिक व्यापक होगा। महापौर ने बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सवाल उठाने वाले और पूर्व में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण में बाधा पहुंचाने वाले लोगों को अब सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।

एक सवाल के जवाब में महापौर ने कहा कि अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई अब जोनल अधिकारी की मौजूदगी के बिना नहीं की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त जल्द ही प्रवर्तन दल को कैमरे उपलब्ध कराएंगे, ताकि कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड हो सके और किसी अप्रिय स्थिति में तथ्यात्मक आधार पर उचित कार्रवाई की जा सके। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि महापौर के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया है। जल्द ही अस्थायी शेड बनाकर विस्थापित दुकानदारों को उपलब्ध कराया जाएगा। मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी तत्काल की जा रही है। वेंडिंग जोन तैयार होते ही प्राथमिकता के आधार पर विस्थापित दुकानदारों को दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article