– 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक मुद्दों पर मंथन
– बोले- यूपी में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार
नई दिल्ली। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक विषयों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का संगठनात्मक मंथन लगातार जारी है। पार्टी स्तर पर संगठन की तैयारियों, राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं के बीच बैठकें हो रही हैं। हाल के दिनों में प्रदेश भाजपा के स्तर पर भी मिशन-2027 को लेकर बैठकों का दौर चला है।
मुलाकात के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अमित शाह के साथ विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
भाजपा की ओर से 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों के अनुरूप तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।
दिल्ली में हुई यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब उत्तर प्रदेश में भाजपा संगठन और सरकार से जुड़े मुद्दों पर शीर्ष नेतृत्व लगातार फीडबैक ले रहा है। पार्टी की आगामी रणनीति में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों को भी प्रमुखता दी जा रही है।


